रायगढ़ : सहारा इंडिया में पैसा फंसने से परेशान निवेशकों ने मंगलवार को तहसीलदार रायगढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिलाध्यक्ष रायगढ़ के नाम दिया गया है।
निवेशकों का कहना है कि रायगढ़ जिले में गरीब से लेकर धनाढ्य लोगों के करोड़ों रुपये सहारा इंडिया में जमा हैं, जो वापस नहीं हो रहे हैं।
ज्ञापन में निवेशकों ने 5 प्रमुख मांगें रखी है जिसमें फरार चल रहे 22 आरोपी मैनेजरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। सभी आरोपियों की बकाया संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क कर कलेक्टर न्यायालय में जमा किया जाए। मैनेजर ओमप्रकाश शर्मा और उनकी पत्नी सुमन शर्मा के बैंक एकाउंट को फ्रीज कर अनफ्रीज करने वाले अधिकारियों पर अपराधिक प्रकरण दर्ज हो। ओम प्रकाश शर्मा और उसके परिवार की कुर्क हुई संपत्ति से प्राप्त राशि कलेक्टर न्यायालय में जमा हो। बचे हुए सभी मैनेजरों की संपत्ति चिन्हित कर कुर्की की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में रविशंकर दुबे, कैलाश अग्रवाल, धनजीराम और नरेश कंकरवाल इत्यादि शामिल रहे। निवेशकों का कहना है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और पैसा वापस नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

