Monday, June 1, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सिंडिकेट से जुड़े तीन अन्य व्यक्तियों को बनाया गया अपराध में आरोपी

 

 

रायगढ़, 01 जून 2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल मुकाबले GT Vs RCB पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से क्रिकेट सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और सट्टे की रकम से जुड़े 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में सिंडिकेट से जुड़े 3 अन्य व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।

 

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ व्यक्ति आईपीएल फाइनल मैच की हार-जीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना एवं चौकी खरसिया के अधिकारियों-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर एक साथ दबिश दी गई।

 

रेड कार्रवाई के दौरान गंज बाजार क्षेत्र में पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया तथा कई लोकल व्यकितयों द्वारा नकदी सट्टा रकम लगाने की बात बताये । आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि साहिल अग्रवाल सट्टे की रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था। आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड एवं एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया गया, जिनमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित आईडी एवं तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हुए।

 

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर साहिल अग्रवाल दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसके पिता मुकेश अग्रवाल एवं स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोनों बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों सहित *कुल 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद बरामद* हुए। इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम से जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त रकम क्रिकेट सट्टे के संचालन से संबंधित है, जिस पर पुलिस ने राशि को विधिवत जब्त कर लिया।

 

प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन किया जाना पाए जाने पर सभी आरोपी- गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की *धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5)* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय एवं अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।

 

*गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व अपराधिक इतिहास रहा है । इसी साल मार्च महीने में थाना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे की कार्यवाही में गगन पर की गई थी*

 

उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रेणु मण्डावी, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर तथा आरक्षक प्रशांत पण्डा, पुष्पेन्द्र जाटवर, गोविंद पटेल, रविन्द्र गुप्ता, नवीन शुक्ला, धर्मेन्द्र सिंह, मनोज पटनायक, साविल चन्द्रा एवं कीर्ति सिदार की विशेष भूमिका रही।

*गिरफ्तार आरोपी*- 

1 गगन अग्रवाल पिता स्वर्गीय अनूप कुमार अग्रवाल उम्र 28 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया

2 शुभम अग्रवाल उर्फ कालू पिता राजकुमार अग्रवाल उम्र 30 वर्ष पता गंज बाजार खरसिया

 

*जप्त- नकदी 31 लाख 99 हजार 700 रुपये, मोबाइल, नोट गिरने की मशीन*

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles