Sunday, April 19, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

किण्डर वैली प्ले स्कूल में उतरा बचपन, ‘छई-छपा-छई’ और रेन डांस के साथ बच्चों ने मनाया ‘समर कार्निवल’

 

 

रायगढ़। आंखों पर स्टाइलिश रंगीन चश्मा, रंग-बिरंगी स्विमिंग ड्रेस पहने नन्हे-मुन्नों की खिलखिलाहट और चेहरे पर छुट्टियों की बेइंतहा खुशी… कुछ ऐसा ही नजारा था शहर के रामलीला मैदान स्थित किण्डर वैली प्ले स्कूल का। शनिवार को स्कूल परिसर में पढ़ाई की जगह सिर्फ और सिर्फ उत्साह का शोर सुनाई दे रहा था। गर्मी की लंबी छुट्टियों पर जाने से पहले स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के लिए ‘समर कार्निवल’ का विशेष आयोजन किया। कैंपस में सजी पूल पार्टी में जहां बच्चों ने ‘छई-छपा-छई के साथ…’ पानी में जमकर गोते लगाए, वहीं फ्रूट्स पार्टी की छोटी-छोटी मेजों पर सजे ताजे फलों ने इस पूरे आयोजन को सेहत और स्वाद से भर दिया।

 

*प्रॉप्स के संग नन्हे सितारों के निराले पोज*

आयोजन के दौरान स्कूल परिसर को किसी आधुनिक ‘थीम पार्क’ की तरह सजाया गया था। बच्चों के मनोरंजन के लिए बनाए गए फोटो बूथ पर मासूमों का उत्साह देखते ही बनता था। नन्हे-मुन्नों ने हाथ से बने मुस्कुराते सूरज, तरबूज के कट-आउट्स और रंगीन छातों जैसे प्रॉप्स के साथ एक से बढ़कर एक पोज दिए। कोई स्टाइलिश गॉगल्स पहनकर अपना निराला अंदाज दिखा रहा था, तो कोई स्विम रिंग के बीच से मुस्कुराते हुए अपनी मासूमियत बिखेर रहा था। इन नन्हे सितारों की चंचलता को कैमरों में बखूबी कैद किया गया।

 

*पानी में मासूमों की बेफिक्र अठखेलियां*

पूल पार्टी के दौरान पानी से लबालब भरे पूल में जब रंग-बिरंगी फुटबॉल और छोटी-छोटी कलरफुल गेंदें तैरने लगीं, तो बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बॉल्स को पकड़ने के लिए बच्चे पानी में छपाक से कूद रहे थे और एक-दूसरे की ओर गेंद उछालकर ठहाके लगा रहे थे। कोई बच्चा अपनी ‘स्विमिंग रिंग’ के सहारे फुटबॉल को किक मारने की कोशिश कर रहा था, तो कोई अपने छोटे हाथों से साथियों पर पानी की फुहारें उड़ाकर उन्हें भिगोने के खेल में मगन था। इन बेफिक्र अठखेलियों से स्कूल का कोना-कोना बच्चों की मुस्कान से गुलजार हो उठा।

 

*डीजे की धुन पर बच्चों का धमाकेदार रेन डांस*

मस्ती का ग्राफ तब और बढ़ गया जब डीजे पर बच्चों की पसंद के एक से बढ़कर एक गाने बजने शुरू हुए। स्कूल कैंपस के सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में अपनी पसंद की धुनें सुनकर मासूम खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए और पूल के भीतर ही जमकर रेन डांस करने लगे। गानों की थाप पर पानी की लहरों के बीच उछलते-कूदते बच्चों का यह उत्साह देख ऐसा लग रहा था मानो पूरा बचपन एक साथ पूल में सिमट आया हो। बच्चों के इस बेसाख्ता डांस और उनकी खुशियों ने वहां मौजूद हर किसी का मन मोह लिया।

 

*नन्हीं मेजों पर सजी फ्रूट्स पार्टी और सेहत का पाठ*

आयोजन के दौरान स्कूल परिसर में पूल में घंटों मस्ती के बाद बच्चों की सेहत और खान-पान का भी पूरा ध्यान रखा गया। स्कूल की नन्ही मेजों और छोटी कुर्सियों पर बच्चों के लिए तरबूज, खरबूजा, अंगूर और आम जैसे ताजे मौसमी फल खूबसूरती से सजाए गए थे। इस फ्रूट्स पार्टी का मुख्य मकसद बच्चों को जंक फूड से दूर रखकर प्राकृतिक फलों के प्रति आकर्षित करना और उन्हें एक साथ बैठकर स्वस्थ भोजन करने की आदत डालना था। बच्चों ने भी इन मौसमी फालों का बड़े चाव से आनंद लिया।

 

*बच्चों के सर्वांगीण विकास पर रहा जोर*

स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रीनू थवाईत ने कार्यक्रम के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और उनके व्यक्तित्व को निखारने में सहायक साबित होते हैं। प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य यही है कि बच्चे सत्र के आखिरी दिन को केवल मस्ती ही नहीं, बल्कि एक सकारात्मक और ऊर्जावान अनुभव के साथ विदा करें। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को भी सलाह दी कि छुट्टियों के दौरान बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अधिक से अधिक तरल आहार व सामान्य पानी पिलाएं।

 

स्टाफ का रहा सक्रिय सहयोग

इस आयोजन को सफल बनाने में नम्रता चौहान, खुशबू जोगी, दिव्या यादव, अहिल्या निषाद और काजल ने सराहनीय भूमिका निभाई। स्टॉफ ने न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि उनके साथ खुद भी बच्चा बनकर उनकी हर छोटी-बड़ी खुशी में हिस्सा लिया। स्कूल का यह सत्र इन मीठी यादों के साथ संपन्न हुआ और अब बच्चे अपनी गर्मी की छुट्टियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles