HomeRaigarh Newsऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की बड़ी...

ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहनों से 129.840 टन स्क्रैप जब्त

 

रायगढ़, 26 सितंबर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में चोरी के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चोरी के माल की खरीद-बिक्री, परिवहन एवं खपत पर रोक लगाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पूंजीपथरा पुलिस ने स्थानीय प्लांटों में खपाने के लिए चोरी-छिपे परिवहन कर लाए जा रहे 5 ट्रक एवं 1 माजदा वाहन को अलग-अलग कार्रवाई में पकड़ा है। पुलिस ने 6 मामलों में कुल 129.840 टन लोहे-टीन एवं अन्य स्क्रैप, जिसकी कीमत करीब 53.60 लाख रुपये है, तथा 6 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों सहित कुल संपत्ति की कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये है। सभी मामलों में वाहन चालकों से स्क्रैप के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेहास्पद स्क्रैप को पुलिस ने विधिवत जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

 

🔹 *स्केनिया प्लांट के पास संदिग्ध 14 चक्का ट्रक से 23.990 टन स्क्रैप की जप्ती*

 

थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि 14 चक्का ट्रक क्रमांक UP63AT2054 में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड एवं वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर से पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड स्थित स्केनिया प्लांट के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। चालक ने अपना नाम राकेश गिरी पिता देवकुमार गिरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी गोसाईपुर, थाना रामपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें टीन, लोहे के टुकड़े, राड एवं वाहनों के पार्ट्स सहित करीब 23.990 टन स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत करीब ₹8.49 लाख तथा ट्रक की कीमत करीब ₹15 लाख आंकी गई। चालक ने पूछताछ में स्क्रैप को सरगुजा से लोड कर प्लांट में खपाने के लिए लाना बताया, लेकिन परिवहन एवं स्क्रैप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संबंधित प्लांट से संपर्क करने पर भी प्रवेश आदेश एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। चोरी का माल होने के संदेह पर पुलिस ने ट्रक एवं स्क्रैप को विधिवत जब्त कर आरोपी राकेश गिरी के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

🔹 *पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर 5 और वाहनों से 105.850 टन स्क्रैप जब्त*

 

इसी क्रम में कल पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ रोड, पूंजीपथरा-तमनार चौक की ओर से कई वाहनों में भारी मात्रा में लोहे-टीन का स्क्रैप लोड कर प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार का टीन, लोहे के टुकड़े, राड, वाहनों के पार्ट्स एवं अन्य स्क्रैप लोड मिला।

 

पहले वाहन 14 चक्का ट्रक क्रमांक CG14MF0223 के चालक जहांगीर अंसारी पिता दुखिया अंसारी, उम्र 49 वर्ष, निवासी भड़गांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा, झारखंड के कब्जे से करीब 18.350 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹7,70,700 जब्त किया गया।

 

दूसरे वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD05R7085 के चालक मनीष कुमार पिता जवाहर प्रसाद, उम्र 23 वर्ष, निवासी नसरतपुर, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.830 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,54,778 जब्त किया गया।

 

तीसरे वाहन 6 चक्का माजदा क्रमांक CG22U3873 के चालक अभिमन्यु साहू पिता फागुलाल साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी फर्सवानी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कब्जे से करीब 13.040 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹5,77,020 जब्त किया गया।

 

चौथे वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD29D4325 के चालक अविनाश कुमार पिता स्व. काशीनाथ सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी प्लांट नंबर 989/4258, लक्ष्मीसागर, भुवनेश्वर, जिला खुर्दा, ओडिशा के कब्जे से करीब 25.510 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,83,665 जब्त किया गया।

 

पांचवें वाहन 12 चक्का ट्रक क्रमांक OD19C4666 के चालक राकेश कुमार पिता किशुन देव कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी बहराम, थाना धनरूआ, जिला पटना, बिहार के कब्जे से करीब 24.120 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹10,24,618 जब्त किया गया।

 

इस प्रकार पूंजीपथरा पुलिस द्वारा की गई 6 अलग-अलग कार्रवाई में कुल 129.840 टन स्क्रैप, कीमत करीब ₹53.60 लाख तथा 6 वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब ₹68 लाख है, को जब्त किया गया। कुल जब्ती करीब ₹1.21 करोड़ की है। जब्त स्क्रैप के स्रोत, परिवहन एवं संभावित खपत के संबंध में पूंजीपथरा पुलिस आगे जांच की जा रही है।

 

पूरी कार्रवाई एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक हेमसागर सागर, आदिकंद प्रधान एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments