रायगढ़, 28 सितंबर 2026 |
मतदाता सूची में गड़बड़ी और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ने आज जिला कलेक्ट्रेट तक जोरदार विरोध मार्च निकाला।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव और ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के नेतृत्व में निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में युवा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। रामचंद्र शर्मा समेत युवा नेताओं की आक्रामक नारेबाजी से कांग्रेस में एक नई क्रांति का आगाज दिखाई दिया।
कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के सामने कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की – *”वोट चोर, गद्दी छोड़”* और *”ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”* के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कुछ देर तक धक्का-मुक्की के बाद प्रतिनिधिमंडल को कलेक्टर कार्यालय के अंदर जाने दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं – मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए । एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में हुए फेरबदल की स्वतंत्र जांच हो। चुनाव आयोग की आईटी प्रणाली की निष्पक्ष ऑडिट कराई जाए।
इस मौके पर नगेन्द्र नेगी ने कहा कि “ये लड़ाई किसी पार्टी की नहीं, हर मतदाता के अधिकार की लड़ाई है। मतदाता सूची में खेल कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।”
शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि “आज रायगढ़ की सड़कों पर जो जोश दिखा है, वो बता रहा है कि कांग्रेस का कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाला नहीं है।”
मार्च में प्रमुख रूप से जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

