रायगढ़।
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर और सोनिया नगर में लगे मीना बाजार में बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में राज्य जीएसटी अधिकारी रायगढ़ को लिखित शिकायत सौंपी गई है।
शिकायत में बताया गया है कि मीना बाजार के प्रवेश द्वार पर 30 रुपए का गेट पास लिया जा रहा है। एक महीने में इस पास से ही लगभग 2 करोड़ की वसूली एक बाजार से होती है और दोनों बाजार मिलाकर यह आंकड़ा 3 से 4 करोड़ तक पहुंच जाता है। आरोप है कि गेट पास की पर्ची पर जीएसटी नंबर और टैक्स का कोई विवरण नहीं है।
इसी तरह बाजार के अंदर लगी दुकानों और झूलों की रसीदों पर भी जीएसटी का उल्लेख नहीं है। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों जगह मिलाकर 10 करोड़ से अधिक का कारोबार हो रहा है, जिससे राज्य सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने मांग की है कि दोनों मीना बाजारों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। इसकी प्रतिलिपि आयुक्त जीएसटी रायपुर, अतिरिक्त आयुक्त रायपुर और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी भेजी गई है।

