रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026/ सेवा ज्योति यात्रा के तहत 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय रायगढ़ के रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी एवं राज्य भंडार गृह अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुबह 9 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
रामलीला मैदान में मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। सुबह 9.15 बजे तक सभी लोगों का कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति गीतों का वादन होगा। सुबह 10 बजे मंच पर अतिथियों का आगमन होगा। 10 बजे वंदे मातरम 10.05 बजे स्वागत एवं कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 10.15 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। 10.55 बजे प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प कराया जाएगा। 11 बजे स्थानीय अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। सुबह 11.05 बजे राष्ट्रगान के बाद 11.10 बजे सेवा ज्योति यात्राएं अपने निर्धारित मार्गों के लिए रवाना होंगी।
प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी सेवा ज्योति यात्रा
जिले के अलग-अलग मार्गों पर भी सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जाएंगी। रामलीला मैदान से प्रारंभ होने वाली सेवा ज्योति यात्रा घड़ी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक, नटवर स्कूल और सतीगुड़ी चौक से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन यात्राओं का नेतृत्व जिले के सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी करेंगे। किसी एक पदयात्रा के अंत में एक चौराहे पर मशाल के रूप में सेवा ज्योति स्थापित की जाएगी। सेवा ज्योति यात्रा में जिले के 24 मंडलों से 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की तैयारी है। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर सभाओं एवं यात्राओं के फोटो-वीडियो #25 YearsOFSeva के साथ पोस्ट किए जाएंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नगर निगम आयुक्त को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच एवं पंडाल व्यवस्था, साउंड सिस्टम, लाइट, माइक एवं एलईडी स्क्रीन, डिस्प्ले व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।

