रायगढ़:- प्रदेश में सरकारी भर्तियों को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस कार्यकाल से तुलना करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इन पांच सालों की बात तो छोड़िए, हम चैलेंज करते हैं कि कांग्रेस के पूरे 5 साल के कार्यकाल में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे ज्यादा नियुक्तियां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने कम समय में कर दी हैं। ओपी चौधरी ने कहा कि आज पीएससी की रेगुलर परीक्षाएं हो रही हैं। बीते दो-तीन सालों में प्रदेश में जितने इंजीनियर्स की भर्ती हुई है, उतनी भर्ती पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, पीएचई विभाग, एनआरडीए सहित अनेकों विभागों में बड़े पैमाने पर इंजीनियर्स की भर्ती की गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि इंजीनियर्स की भर्ती इसलिए भी जरूरी है क्योंकि हम भारत को विकसित भारत और छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाना चाहते हैं। विकसित बनने के लिए हमें इंफ्रास्ट्रक्चर और पूंजीगत व्यय को बढ़ाना होगा, तभी हमारा प्रदेश और हमारा देश विकसित बन सकेगा।

