HomeBreaking Newsपीएससी परीक्षा की पारदर्शिता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, युवाओं के हित...

पीएससी परीक्षा की पारदर्शिता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, युवाओं के हित में निष्पक्ष प्रक्रिया की मांग

 

 

रायगढ़, 16 सितंबर 2026। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण एवं शहर के संयुक्त नेतृत्व में आज रायगढ़ कांग्रेस भवन में पीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण एवं शहर के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शाखा यादव ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, दीपक पांडेय, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल, विकास ठेठवार, पूर्व महामंत्री विकास शर्मा, प्रवक्ता हरेराम तिवारी, तारेन डनसेना, रिंकी पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, आशीष चौबे, सोनू पुरोहित, अनुराग गुप्ता तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और समान अवसर अभ्यर्थियों का महत्वपूर्ण अधिकार है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में कुछ ऐसे निर्णय लिए गए हैं, जिनसे अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और असंतोष की स्थिति बनी है।

कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से एक ही प्रश्न के सही एवं गलत उत्तरों को समान अंक दिए जाने के मुद्दे को उठाते हुए संबंधित प्रक्रिया और मूल्यांकन व्यवस्था को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों के चयन में 1:3 के अनुपात के पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए। हाल में प्रदेश कांग्रेस ने भी CGPSC की 2025 परीक्षा के संदर्भ में इसी अनुपात को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा वर्षों की मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक निर्णय में पारदर्शिता, स्पष्ट नियम और अभ्यर्थियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रेस वार्ता में मांग रखी गई कि परीक्षा से संबंधित आपत्तियों एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को स्पष्ट किया जाए तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस विषय पर सरकार एवं पीएससी को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों के बीच उत्पन्न शंकाओं का समाधान हो सके।

 

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पार्टी युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक लोकतांत्रिक एवं वैधानिक माध्यमों से अपनी आवाज उठाएगी।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments