HomeRaigarh News20 वर्षों से बदहाल पड़ी केशला-तोलगे सड़क, 1 अगस्त को केशला मोड़...

20 वर्षों से बदहाल पड़ी केशला-तोलगे सड़क, 1 अगस्त को केशला मोड़ पर होगा चक्का जाम

 

रायगढ़ । जिले के लैलूंगा क्षेत्र में 20 वर्षों से बदहाल पड़ी केशला-तोलगे सड़क के निर्माण की मांग अब उग्र हो गई है। सड़क की दुर्दशा से परेशान 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए 1 अगस्त 2026 को घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर शांतिपूर्ण चक्का जाम करने की घोषणा की है।

केशला-तोलगे सड़क संघर्ष समिति ने लैलूंगा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को पत्र सौंपकर इसकी सूचना दी है। पत्र में कहा गया है कि केशला-तोलगे सड़क मार्ग पिछले लगभग 20 वर्षों से जर्जर और बदहाल स्थिति में है। इस मार्ग से रोजाना 15 ग्राम पंचायतों के हजारों नागरिकों का आवागमन होता है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में दिक्कत, किसानों को मंडी तक फसल ले जाने में परेशानी, मजदूरों और व्यापारियों को आवागमन में दिक्कत और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।

समिति ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई दिनों से जनजागरण, जनसंपर्क और जनसमर्थन अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन को भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 31 जुलाई 2026 तक शासन-प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है तो क्षेत्र की जनता अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इसी क्रम में 1 अगस्त 2026, शनिवार को सुबह 10 बजे घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित केशला मोड़, हाई स्कूल के पास शांतिपूर्ण चक्का जाम आयोजित किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि अब और इंतजार नहीं होगा। अगर समय रहते सड़क नहीं बनी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments