
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर स्थित एक लोह की फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया है। गुरुवार की दोपहर कुसुम प्लांट में चिमनी के गिर जाने से कई मजदूर दब गए। चिमनी में दबने वालों की संख्या 25 के आसपास बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि, इनमें से 6 की मौके पर ही मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के रामबोड़ गांव के पास बन रहे कुसुम प्लांट में हुआ। कुसुम प्लांट में लोहे की पाइप बनाई जाती है। आजकल वहां निर्माण के कुछ काम चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि, निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों की संख्या दर्जनों में है। इसी दौरान गुरुवार की दोपहर फैक्ट्री की चिमनी गिर गई, जिससे काम कर दर्जनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद फैक्ट्री के भीतर चीख- पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के कई घंटे बाद भी लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर नारेबाजी कर रहे है।