Wednesday, May 20, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और जनसुविधाओं से समृद्ध बनाने लगातार किए जा रहे कार्य : वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

 

 

रायगढ़, 19 मई 2026/ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि रायगढ़ शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और जनसुविधाओं से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में अधोसंरचना विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुविधाओं और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वित्तमंत्री श्री चौधरी ने नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 में विधायक मद से लगभग 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित साहू समाज सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन समाजों के लिए सामूहिक गतिविधियों, बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं सामाजिक समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनते हैं। ऐसे भवनों से समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लिए आवश्यक सामाजिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि समाज के लोग अपने कार्यक्रमों का संचालन सुविधाजनक ढंग से कर सकें। उन्होंने भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और उपयोगिता को प्राथमिकता दी जा रही है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने साहू समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

*श्रीराम कॉलोनी में बाल उद्यान के जीर्णोद्धार से मिलेगा बेहतर सार्वजनिक स्थल*

 

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने नगर निगम के वार्ड क्रमांक 21 श्रीराम कॉलोनी में अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से लगभग 46 लाख रुपए की लागत से होने वाले बाल उद्यान जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत लैंडस्केपिंग, पौधरोपण, मुख्य द्वार, बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण, प्ले इक्विपमेंट, बेंच एवं अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्यान विकसित होने से क्षेत्र के बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। साथ ही शहर में हरित क्षेत्र बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

*नाली निर्माण कार्य से क्षेत्र में बेहतर होगी जल निकासी व्यवस्था*

 

इस अवसर पर रायगढ़ स्टेडियम के पीछे से श्रीराम कॉलोनी मोड़ तक लगभग 37.88 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। लगभग 580 मीटर लंबे इस नाली के निर्माण से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में जल निकासी और अधोसंरचना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मालीडीपा, बेलादूला एवं आसपास के क्षेत्रों में भी जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

 

*रायगढ़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं अधोसंरचना और सौंदर्यीकरण के कार्य*

 

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर में सड़क, पुल, नदी तट विकास, तालाब सौंदर्यीकरण, उद्यान निर्माण एवं ऑक्सीजन जोन जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। केलो नदी तट के विकास कार्यों से शहर को नई पहचान मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इतवारी बाजार क्षेत्र को ऑक्सीजन जोन के रूप में विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। शहर के विभिन्न हिस्सों में अधोसंरचना विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने रायगढ़ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन का आधुनिक केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण, पुस्तकालय और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नालंदा परिसर युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा यह रायगढ़ के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

*बिजली बिल समाधान योजना और सौर ऊर्जा योजनाओं की दी जानकारी*

 

कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि अधिक बिजली बिल वाले उपभोक्ता पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है तथा बड़ी संख्या में घरों में सोलर प्लेट लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री विवेक रंजन, श्री सुभाष पांडे, श्री महेशराम साहू, श्री बाबूलाल अग्रवाल, एमआईसी सदस्य श्रीमती पूनम सोलंकी, श्री अमित शर्मा, श्री मुक्तिनाथ बबुआ, श्री त्रिवेणी डहरे, श्री अशोक यादव, श्री अनंत आनंद भगत, श्री महादेव अग्रवाल, श्री संजय दास, श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज भैया, श्री कौशलेश, श्री विष्णु पटेल, श्री शैलेश माली, श्री संजय अग्रवाल, साहू समाज के प्रतिनिधिगण श्री रमेश साहू, श्रीमती ममता साहू, श्री गिरधारी साहू, श्रीमती प्रेमलता साहू, श्री भरतलाल साहू, श्री कपिलनाथ साहू, श्री चतुर्भुज साहू, श्री बसंत साहू, श्री सुरेंद्र साहू, श्री पितवासो साहू, श्री महेश साहू, श्री संजय साहू, श्री जगदीश साहू, श्री लालाराम साहू, श्री नेतराम साहू, श्री मोहनलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles