रायगढ़। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के बीच रायगढ़ वन परिक्षेत्र में पक्षियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास एयर गन से पक्षियों का शिकार कर रहे दो युवकों को पकडऩे की कार्रवाई की है। दोनों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल की जा रही एयर गन, छर्रे और तीन शिकार किए गए पक्षी बरामद किए गए हैं।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, महापल्ली क्षेत्र में एयर गन के जरिए पक्षियों के अवैध शिकार की सूचना उडऩदस्ता दल को मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान टीम ने कथित रूप से पक्षियों का शिकार कर रहे दोनों युवकों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान वन अमले ने दोनों युवकों के पास मौजूद एयर गन को जब्त किया। इसके साथ ही शिकार में इस्तेमाल किए जा रहे छर्रे भी बरामद किए गए। मौके से तीन शिकार किए गए पक्षियों को भी वन विभाग की टीम ने जब्त किया है। बरामद सामग्री को विभागीय कार्रवाई के तहत अपने कब्जे में लिया गया है। वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत वन्यजीवों और पक्षियों के संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी दौरान महापल्ली क्षेत्र में पक्षियों के शिकार की सूचना मिलने पर उडऩदस्ता दल ने तत्काल कार्रवाई की। प्रकरण में पकड़े गए दोनों युवकों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की रायगढ़ रेंज की टीम मामले में आगे की वैधानिक और विभागीय प्रक्रिया पूरी कर रही है। आरोपियों से शिकार और बरामद सामग्री से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।

