HomeRaigarh Newsडीएमएफ के कार्यों में लापरवाही : धरमजयगढ़ में संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर...

डीएमएफ के कार्यों में लापरवाही : धरमजयगढ़ में संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश

 

 

रायगढ़/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धरमजयगढ़ क्षेत्र में डीएमएफ के कार्यों में लापरवाही की जानकारी मिलने पर संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को डीएमएफ के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता में कमी या किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।

 

*डीसीएस और एग्रीस्टैक के कार्यों में लाएं तेजी*

 

कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) और एग्रीस्टैक की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक सुझावों से तत्काल अवगत कराएं, ताकि उन्हें शासन स्तर पर भेजकर निराकरण कराया जा सके।

 

*प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवास शीघ्र करें पूर्ण*

 

कलेक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे हितग्राही, जो आवास निर्माण के इच्छुक नहीं हैं और जिनके खातों में राशि जारी हो चुकी है, उनके मामलों में नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई करने को कहा।

 

*पहाड़ी कोरवा परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश*

 

कलेक्टर ने जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे सर्वे की जानकारी ली। उन्होंने सर्वे के आधार पर योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं का विश्लेषण करने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से पात्र परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

 

*एयरपोर्ट, रिंग रोड और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा*

 

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रायगढ़ जिले में एयरपोर्ट और रिंग रोड निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने को कहा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों और बिलों के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

*विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर*

 

बैठक में ऑरेंज एरिया सर्वे, आदर्श ग्राम योजना, पशुओं के बधियाकरण, श्रम विभाग की योजनाओं के तहत पंजीयन, स्कूलों में बायोमेट्रिक अद्यतन की प्रगति, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन, ई-रिक्शा चालक प्रशिक्षण तथा धान विक्रय के लिए कृषकों के पंजीयन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारी स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करें और नियमित निगरानी रखें। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ.प्रियका वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments