रायगढ़। जिले की जीवनदायिनी केलो नदी एक बार फिर औद्योगिक प्रदूषण की चपेट में है। पिछले 2 दिनों से शिव-शक्ति प्लांट द्वारा फ्लाई ऐश युक्त पानी नदी में छोड़े जाने का मामला सामने आया है। यह प्रदूषित पानी बहकर सीधे पचधारी इंटेक वेल में जमा हो रहा है, जहाँ से पूरे रायगढ़ शहर को पीने के पानी की सप्लाई की जाती है।
पचधारी इंटेक वेल के आसपास पानी का रंग बदल गया है और राख जैसे कण पानी में तैर रहे हैं। पचधारी इंटेक वेल रायगढ़ शहर की जल आपूर्ति का मुख्य स्रोत है, ऐसे में लाखों लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
लोगों का कहना है कि प्लांट द्वारा अक्सर रात के समय चोरी-छिपे ऐसा पानी छोड़ा जाता है। फ्लाई ऐश में भारी मात्रा में केमिकल होते हैं जो पीने के पानी को जहरीला बना सकते हैं।
इस संबंध में पर्यावरण विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल पानी का सैंपल लेकर जांच करने और दोषी प्लांट पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

