रायगढ़ । खरसिया विकासखंड के ग्राम सोनबरसा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न गबन का मामला सामने आया है। शासन को करीब 11 लाख 85 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाने पर संचालन एजेंसी से जुड़े सचिव और विक्रेता के खिलाफ खरसिया थाने में FIR दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार शासकीय उचित मूल्य दुकान सोनबरसा का संचालन ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा था। ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर रायगढ़ के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने 22 सितंबर को दुकान का भौतिक सत्यापन किया था। जांच में पाया गया कि रिकॉर्ड में दर्शाए गए स्टॉक और मौके पर मौजूद स्टॉक में भारी अंतर है। कुल 251 क्विंटल से अधिक चावल की कमी पाई गई। ई-पॉस मशीन में वितरण की एंट्री नहीं मिली जबकि कागजों में चावल का वितरण दिखा दिया गया था। मौके पर स्टॉक रजिस्टर और रेट लिस्ट भी नहीं मिली।
जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खरसिया ने थाना खरसिया को कार्रवाई के लिए लिखा। इसके बाद थाना खरसिया में भारतीय न्याय संहिता और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने ग्राम पंचायत सोनबरसा के सचिव गोवर्धन दास महंत और राशन दुकान के विक्रेता धनराज साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल राशन दुकान को अटैच कर दिया गया है और हितग्राहियों को नजदीकी दुकान से राशन देने की व्यवस्था की गई है।

