रायगढ़। कोलता समाज संभाग रायगढ़ द्वारा आगामी 15 अक्टूबर को नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की जानकारी समाज के पदाधिकारियों ने दी है। समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के करीब 100 से 150 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कोलता समाज संभाग रायगढ़ के अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता ने बताया कि हमारे रायगढ़ जिला ओडिसा राज्य से सटा हुआ है जो ओडिसा के झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़ जिले को स्पर्श करता है। हमारे कोलता समाज में छत्तीसगढ़ और ओड़िशा की मिली जुली संस्कृति का प्रभाव है। कोलता समाज रायगढ़ जिले के साथ ही उड़ीसा के इन दो जिलों में भी बहु संख्या में निवासरत है। और इस लिए उत्कल संस्कृति का नुआखाई पर्व यहां हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। नुआखाई का पर्व प्रकृति, पर्यावरण और कृषि से जुड़ा हुआ पर्व है। जहां प्रत्येक परिवार भादों मास के शुक्ल पक्ष ऋषि पंचमी के दिन नवीन अन्न को अपने आराध्य देवी को भोग लगाकर अन्न ग्रहण करता है उसके बाद अपनों से बड़ों का आशीष प्राप्त करता है जिसे नुआखाई जुहार भेंटघाट कार्यक्रम के रूप में मनाते आ रहा है।
कोलता समाज रायगढ़ संभाग नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह विगत कई वर्षों से मनाते आ रहा है इसके पूर्व पुसौर अंचल के पुसौर में आठ दस साल से यह आयोजन होता रहा है। इस वर्ष यह आयोजन रायगढ़ में मनाया जा रहा है तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी इस कार्यक्रम में उपस्थिति होकर नुआखाई भेंटघाट में शामिल होंगे तथा कोलता समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह को लेकर समाज द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में समाज के लगभग 100 से 150 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवा पीढ़ी को शिक्षा एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।

