HomeRaigarh Newsसखी वन स्टॉप सेंटर में साक्षात्कार के दिन ही मची अव्यवस्था, दावा-आपत्ति...

सखी वन स्टॉप सेंटर में साक्षात्कार के दिन ही मची अव्यवस्था, दावा-आपत्ति की पावती तक नहीं मिली, सुबह से विभाग के बाहर बैठी रहीं महिला अभ्यर्थी

 

 

रायगढ़। सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़ एवं घरघोड़ा में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए गुरुवार 19 नवंबर को आयोजित साक्षात्कार के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। एक तरफ जहां कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग में सुबह 11 बजे से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई, वहीं दूसरी तरफ दावा-आपत्ति जमा करने पहुंची महिला अभ्यर्थी सुबह से विभाग के बाहर बैठे रहने को मजबूर हो गईं। उन्हें दावा-आपत्ति की पावती तक नहीं दी गई।

इन पदों पर हो रहा है साक्षात्कार

सखी वन स्टॉप सेंटर में केंद्र प्रशासक, साइको-सोशल काउंसलर, केस वर्कर, कार्यालय सहायक तथा बहुउद्देशीय कर्मचारी और रसोइया के पदों के लिए चयन किया जा रहा है। विभाग के अनुसार पात्र एवं अपात्र आवेदकों की सूची जारी कर साक्षात्कार आयोजित किया गया है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।

दावा-आपत्ति में हाहाकार

वहीं मास्टर ट्रेनर, फील्ड ऑफिसर सहित अन्य पदों के लिए दावा-आपत्ति जमा करने आई महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों का आरोप है कि न तो काउंटर पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी बैठा था और न ही दावा-आपत्ति जमा करने की कोई व्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। कई महिलाओं को घंटों तक धूप में खड़े रहना पड़ा।

अभ्यर्थियों का कहना है कि दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि नजदीक है। अगर समय पर दावा जमा नहीं हुआ तो वे चयन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगी। इसके बावजूद विभाग पावती देने से आनाकानी कर रहा है।

एक अभ्यर्थी ने कहा, “हम सुबह से बैठे हैं, कोई सुनने वाला नहीं है। पावती नहीं मिलेगी तो हम साबित कैसे करेंगे कि हमने दावा जमा किया था?”

पहले भी हुआ था वॉक-इन-इंटरव्यू

उल्लेखनीय है कि कार्यालय कलेक्टर (महिला एवं बाल विकास), जिला रायगढ़ द्वारा 27 अक्टूबर को सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़ एवं घरघोड़ा में विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसी क्रम में 17 नवंबर को पैरालीगल कार्मिक, वकील तथा सुरक्षा गार्ड, नाइट गार्ड के पदों के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया गया था।

महिला अभ्यर्थियों ने मांग की है कि दावा-आपत्ति जमा करने की प्रक्रिया को पारदर्शी किया जाए, हर अभ्यर्थी को तत्काल पावती दी जाए और इसके लिए अलग काउंटर लगाया जाए, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी वंचित न रह जाए।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments