रायगढ़, 13 नवम्बर 2026/ डाक विभाग ने पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) की सेवाओं को लेकर नई व्यवस्था की जानकारी दी है। नई बीमा प्रबंधन समाधान (आईएमएस) प्रणाली लागू किए जाने के कारण 16 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक पीएलआई और आरपीएलआई की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
इस अवधि में डाकघरों, ग्राहक सेवा केंद्रों (सीपीसी) और ऑनलाइन माध्यमों से बीमा संबंधी लेन-देन एवं सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि वे 15 नवंबर 2026 की रात 11.59 बजे तक अपने नवीनीकरण प्रीमियम और अन्य देय राशि का भुगतान कर लें। साथ ही बीमा से संबंधित लंबित लेन-देन और सेवा अनुरोध भी निर्धारित तिथि से पहले पूरे कर लें। डाक विभाग ने बताया कि नई बीमा प्रबंधन समाधान (आईएमएस) प्रणाली का देशभर में क्रियान्वयन 25 नवंबर 2026 से निर्धारित है। सिस्टम के पुनः सुचारू होने के बाद पीएलआई और आरपीएलआई की सेवाएं नियमित रूप से शुरू की जाएंगी। जिन ग्राहकों के लेन-देन इस अवधि में पूरे नहीं हो पाएंगे, वे सेवाएं बहाल होने के बाद संबंधित कार्य करा सकेंगे। विभाग ने ग्राहकों से असुविधा से बचने के लिए समय रहते प्रीमियम जमा करने और आवश्यक कार्य पूरे करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए ग्राहक अपने संबंधित पीएलआई/आरपीएलआई सेल्सफोर्स या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
