HomeChhattisgarhफसल बीमा का क्लेम लेने पर धान बेचने से नहीं होंगे वंचित,...

फसल बीमा का क्लेम लेने पर धान बेचने से नहीं होंगे वंचित, किसान बेझिझक करें दावा…फसल नुकसान के बाद बची हुई उपज समितियों में बेच सकेंगे किसान

 

 

रायगढ़, 20 नवम्बर 2026/ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति का दावा करने वाले किसानों को धान खरीदी केंद्रों में अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं होंगे। फसल बीमा की दावा राशि प्राप्त करने की स्थिति में भी किसान अपनी फसल के नुकसान के बाद बची हुई उपज को कृषि उपज मंडियों एवं समितियों में नियमानुसार बेच सकते हैं। उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत स्थानीय आपदाओं जैसे चक्रवात, बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसल को नुकसान होने पर संबंधित बीमित किसान को घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देना अनिवार्य है। सूचना में फसल क्षति की मात्रा और उसके कारण का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। किसान संबंधित बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों अथवा संबंधित बैंक को भी जानकारी दे सकते हैं। किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करके या पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

*कटाई के बाद खेत में सुखाने रखी फसल भी बीमा के दायरे में*

 

योजना के तहत फसल कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए फैलाकर रखी गई अथवा बंडलों में सुरक्षित रखी गई अधिसूचित फसल को भी चक्रवात और बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा। ऐसी स्थिति में प्रभावित बीमित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी। फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा 48 घंटे के भीतर क्षति आकलन के लिए सर्वेयर नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद 10 दिनों के भीतर नुकसान का आकलन पूरा किया जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने जिले के सभी बीमित किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा अथवा प्रतिकूल मौसम के कारण फसल को नुकसान होने पर किसी भी तरह की आशंका या भ्रम में न रहें। निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना देकर अपने फसल नुकसान का दावा अवश्य प्रस्तुत करें।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments