HomeBreaking Newsपचेड़ा राशन दुकान में 3.22 लाख का गबन, महिला समूह की अध्यक्ष,...

पचेड़ा राशन दुकान में 3.22 लाख का गबन, महिला समूह की अध्यक्ष, सचिव सहित 11 पर FIR… खाद्य विभाग की जांच में मामला हुआ था उजागर 

 

 

रायगढ़। पुसौर विकासखंड के शासकीय उचित मूल्य दुकान पचेड़ा में खाद्यान्न के गबन का मामला सामने आया है। खाद्य निरीक्षक की जांच में 3 लाख 22 हजार रुपये के चावल, शक्कर और नमक का स्टॉक कम पाए जाने पर कोतरारोड थाने में 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

थाना कोतरारोड में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत मामला कायम किया गया है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार खाद्य निरीक्षक चूड़ामणी सिदार ने 21 सितंबर 2026 को ग्राम पचेड़ा की शासकीय उचित मूल्य दुकान आईडी 412002059 का भौतिक सत्यापन किया था। इस दुकान का संचालन जय मां दुर्गा महिला समूह अमलडीहा द्वारा किया जा रहा है। मौके पर भौतिक सत्यापन में 48 क्विंटल चावल, 1.50 क्विंटल शक्कर और 4.50 क्विंटल नमक पाया गया, जबकि ई-पॉस मशीन में 120.03 क्विंटल चावल, 5.44 क्विंटल शक्कर और 5.99 क्विंटल नमक का स्टॉक दर्शाया गया था। इस प्रकार 72.03 क्विंटल चावल, 3.94 क्विंटल शक्कर और 1.49 क्विंटल नमक कम पाया गया, जिसकी कुल कीमत 3,22,193 रुपये आंकी गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि दुकान में पीला बोर्ड, मूल्य सूची, स्टॉक बोर्ड और निगरानी समिति की जानकारी प्रदर्शित नहीं थी। अगस्त 2026 के 16 राशनकार्डधारियों को ऑनलाइन में खाद्यान्न वितरण दर्शाया गया था, जबकि हितग्राहियों को वास्तव में राशन नहीं मिला था। पूछताछ में विक्रेता पवन चौहान ने स्टॉक कम होने के कारण राशन न देने की बात कही।

इस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रायगढ़ के पत्र क्रमांक 2638 के आधार पर समूह को 24 सितंबर और 9 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन समूह की अध्यक्ष सेवेतीन चौहान, सचिव जमुना सिदार और अन्य सदस्यों की ओर से जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

विभागीय जांच के बाद अब कोतरारोड पुलिस ने महिला समूह की अध्यक्ष सेवेतीन चौहान, सचिव जमुना सिदार, सदस्य जानकी पटेल, कमला सिदार, प्यारीमनी सिदार, भानुमति सिदार, सगुन चौहान, सजन मांझी, पार्वती मांझी, मोंगरा और विक्रेता पदमन चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments