HomeRaigarh Newsडेढ़ लाख की उधारी के एवज में आदिवासी महिला की जमीन हड़पने...

डेढ़ लाख की उधारी के एवज में आदिवासी महिला की जमीन हड़पने का आरोप, चक्रधरनगर थाने में शिकायत

 

 

रायगढ़, 28 सितंबर 2026 |

 

जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला ने उधारी की रकम के नाम पर उसकी निजी भूमि को धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आज थाना प्रभारी चक्रधरनगर को लिखित शिकायत सौंप कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

 

प्रार्थिया सरस्वती सिदार (पति मोहन सिंह सिदार) जाति गोंड़, निवासी ग्राम नवापाली की शिकायत के अनुसार, उसने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अपने निजी कार्य के लिए डूंगसूड़ा निवासी नरोत्तम चौहान से 1 लाख 50 हजार रुपये 2 प्रतिशत मासिक ब्याज पर उधार लिए थे।

 

प्रार्थिया की भूमि खसरा नंबर 08 में उसके चाचा जगत सिदार के साथ संयुक्त खाते में दर्ज है। राजस्व बंटवारे के दौरान जब उसे जानकारी हुई, तब पता चला कि आरोपियों ने उसकी अनपढ़ता का लाभ उठाकर कोरे स्टाम्प पर हस्ताक्षर/अंगूठा लगवाकर बिना उसकी सहमति के बिक्रीनामा तैयार कर दिया और राजस्व अभिलेख में उसकी भूमि का नामांतरण करा दिया।

 

ऋण पुस्तिका बंधक रखने और धमकाने का आरोप

 

शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि वह उधारी की पूरी राशि ब्याज सहित लौटाने को तैयार है, लेकिन अनावेदक हलधर चौधरी और उसके साथियों ने उसकी ऋण पुस्तिका को अमानत के तौर पर रख लिया है। जब वह रकम लौटाकर पुस्तिका मांगने जाती है, तो जाति को लेकर गाली-गलौज और जमीन कम दाम में हड़पने की धमकी दी जाती है।

 

पीड़िता ने शिकायत में हलधर चौधरी, नरोत्तम चौहान, गिरधारी पटेल और राजेश देवांगन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

 

प्रार्थिया ने आवेदन में कहा है कि वह अनपढ़ आदिवासी महिला है, इसलिए आरोपियों ने अज्ञानता का लाभ उठाया। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित धोखाधड़ी की धाराओं में दण्डात्मक कार्रवाई की मांग की है।

चक्रधरनगर थाना प्रभारी ने आवेदन प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया है।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments