रायगढ़। प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में हुई तीन गुना की बढ़ोतरी ने आम जनता को बेहाल कर दिया है। महंगी बिजली दरों और मनमाने बिलों के खिलाफ युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) ने बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को रायगढ़ में “कलेक्ट्रेट मार्च” निकाला जाएगा, जो गांधी प्रतिमा से शुरू होकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुँचेगा।
इस मार्च को व्यापक जनसमर्थन देने के लिए युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी कल (21 जुलाई) से हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता रायगढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों – वार्डों, चौराहों, बाजारों, मोहल्लों और गलियों में जाकर आम नागरिकों से बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ समर्थन माँगेंगे।
लोगों से अपील की जाएगी कि वे इस मार्च में शामिल होने का संकल्प लें और अपने हस्ताक्षर करके अपनी सहमति दें। यह अभियान 23 जुलाई तक चलेगा, ताकि 24 जुलाई को होने वाले कलेक्ट्रेट मार्च से पहले पूरे शहर में जनजागरूकता फैलाई जा सके और अधिक से अधिक लोग इस आंदोलन से जुड़ सके।
ज्ञापन में ये होंगी मुख्य माँगें:
· स्मार्ट मीटर से जारी सभी बिलों की तत्काल विशेष समीक्षा की जाए।
· बिजली दरों में भारी कमी कर आम जनता को राहत दी जाए।
· तीन गुना बढ़े बिलों को निरस्त करके पुरानी दरों पर ही बिलिंग व्यवस्था बहाल की जाए।
· बिजली कंपनियों की मनमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

