HomeRaigarh News31 तक सडक़ नहीं तो होगा चक्काजाम...बदहाल कुंजारा, केशला, तोलगे मार्ग पर...

31 तक सडक़ नहीं तो होगा चक्काजाम…बदहाल कुंजारा, केशला, तोलगे मार्ग पर अंतिम अल्टीमेटम, एसडीएम को ज्ञापन, 15 ग्राम पंचायतों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

 

रायगढ़। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित कुंजारा, केशला,तोलगे सडक़ मार्ग को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आ गया है। वर्षों से जर्जर पड़ी सडक़ के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लैलूंगा को ज्ञापन सौंपते हुए 31 जुलाई तक सडक़ निर्माण अथवा मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक काम शुरू नहीं हुआ तो लैलूंगा- घरघोड़ा मुख्य मार्ग स्थित केशला मोड़ (कुंजारा हाई स्कूल के पास) पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 वर्षों से यह सडक़ बदहाल हालत में पड़ी है, जबकि इसी मार्ग से प्रतिदिन लगभग 15 ग्राम पंचायतों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी डामर और कीचड़ के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है। बरसात में हालात और भी खराब हो जाते हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हर बार शासन और प्रशासन केवल स्वीकृतियों का हवाला देकर लोगों को आश्वासन देता रहा, लेकिन धरातल पर सडक़ निर्माण शुरू नहीं हो सका। इससे क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि खराब सडक़ के कारण सैकड़ों दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं। स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष भी यह मांग रखी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जनहित और जनसुरक्षा को देखते हुए 31 जुलाई तक सडक़ निर्माण या आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए। अन्यथा ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे केशला मोड़ पर चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि तय समय सीमा के भीतर सडक़ निर्माण शुरू नहीं होता, तो लैलूंगा क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन देखने को मिल सकता है।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments