HomeRaigarh Newsवित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले में डीएमएफ...

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले में डीएमएफ से 4 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को प्रशासकीय मंजूरी

 

 

रायगढ़, 8 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) द्वारा स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, पेयजल उपलब्धता में सुधार आएगा तथा शिक्षा एवं तकनीकी प्रशिक्षण की अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में धरमजयगढ़ क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा के निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पांच अलग-अलग परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें ग्राम गोरपार में 25 केएल सम्पवेल के माध्यम से पेयजल व्यवस्था विकसित करने के लिए 6 लाख 47 हजार 700 रुपये, ग्राम शहपुर में नलकूप खनन, रॉ-वॉटर पंप एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 9 लाख 94 हजार रुपये, ग्राम नवापारा में इसी प्रकार के कार्यों के लिए 5 लाख 32 हजार रुपये, ग्राम पुसल्दा में 8 लाख 45 हजार रुपये तथा ग्राम नंदगांव में 25 केएल सम्पवेल आधारित पेयजल व्यवस्था के लिए 6 लाख 47 हजार 700 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा जल संकट की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।

युवाओं को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धर्मजयगढ़ स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) भवन के जीर्णोद्धार के लिए 82 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य से संस्थान की आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त होगी। शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये की प्रशासकीय मंजूरी प्रदान की गई है। नए भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। स्वास्थ्य संबंधी कार्य छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी), पेयजल योजनाओं का निर्माण लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा प्राथमिक शाला भवन का निर्माण जनपद पंचायत धर्मजयगढ़ के माध्यम से कराया जाएगा। डीएमएफ से स्वीकृत इन विकास कार्यों के क्रियान्वयन से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल एवं कौशल विकास की आधारभूत सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार होगा। इससे आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध होने के साथ रायगढ़ जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments