HomeRaigarh Newsजोगीडीपा केनाल लिंक रोड निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, आधुनिक मशीनों से लेवलिंग...

जोगीडीपा केनाल लिंक रोड निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, आधुनिक मशीनों से लेवलिंग एवं बेस निर्माण जारी

 

रायगढ़। नगर निगम द्वारा जोगीडीपा केनाल लिंक रोड निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ तेज गति से कराया जा रहा है। लंबे समय से अपेक्षित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए वर्तमान में आधुनिक मशीनों की सहायता से लेवलिंग, ग्रेडिंग एवं बेस निर्माण का कार्य किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर जेसीबी, डंपर तथा अन्य तकनीकी उपकरणों के माध्यम से सड़क की सतह को समतल कर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है।

यह सड़क जोगीडीपा एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही क्षेत्र में आवासीय, सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि नागरिकों को दीर्घकालिक एवं सुरक्षित आधारभूत सुविधा उपलब्ध हो सके।

पुनर्वासित परिवारों को मिला बेहतर जीवन

उल्लेखनीय है कि केनाल लिंक रोड निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व में यहां निवासरत अवैध कब्जाधारियों का नियमानुसार पुनर्वास किया गया था। पुनर्वास के अंतर्गत हितग्राहियों को सर्वसुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जहां उन्हें पहले की अपेक्षा बेहतर आवासीय वातावरण, स्वच्छ पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। पुनर्वासित परिवार अब अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं व्यवस्थित जीवन की ओर अग्रसर हैं। हितग्राहियों ने नए आवासीय परिसर में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें पहले की तुलना में बेहतर जीवन-परिस्थितियां प्राप्त हुई हैं। नगर निगम की इस पहल से एक ओर शहर के महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है तो दूसरी ओर प्रभावित परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा और सम्मानजनक जीवन का अवसर भी मिला है।

आधारभूत संरचना निर्माण के साथ समग्र विकास ही पहली प्राथमिकता – आयुक्त श्री क्षत्रिय

नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि जोगीडीपा केनाल लिंक रोड केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध होने के बाद कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। निर्माण में गुणवत्ता के सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचना का विकास करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन लाना है। इसी सोच के साथ प्रभावित परिवारों का पुनर्वास कर उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आज पुनर्वासित परिवार सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण में जीवन यापन कर रहे हैं, जो नगर निगम की जनहितैषी एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केनाल लिंक रोड के निर्माण पूर्ण होने के बाद जोगीडीपा सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments