HomeRaigarh Newsग्राम धनागर में नकली शराब फैक्ट्री के खुलासे के बाद फरार मुख्य...

ग्राम धनागर में नकली शराब फैक्ट्री के खुलासे के बाद फरार मुख्य आरोपी विनय सिंग ठाकुर के घर पुलिस की दबिश…मकान में चस्पा किया गया नोटिस, 3 दिनों के भीतर थाना में उपस्थित होने के निर्देश

 

17 जून, रायगढ़ । जिले में पकड़ी गई नकली शराब के अवैध कारोबार के मामले में आज रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए बड़ी दबिश कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए उसके निवास विकास नगर गली नंबर-3 में पहुंचकर विधिसम्मत नोटिस चस्पा किया। साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर आगे वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

 

उल्लेखनीय है कि दिनांक 08 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, शराब के ढक्कन, फर्जी लेबल, होलोग्राम तथा शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल तथा विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार संचालित करना स्वीकार किया था।

 

विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 जून को फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था तथा उसमें स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।

 

प्रकरण के *मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह निवासी विकास नगर गली नंबर 3 कोतरारोड, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़* की गिरफ्तारी के लिए कोतरारोड़ पुलिस लगातार प्रयासरत है। आज पुलिस टीम जब उसके निवास विकास नगर पहुंची तो मकान के एक दरवाजें पर ताला लगा मिला। पुलिस द्वारा काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आसपास के लोगों ने भी बताया कि विनय सिंह और उसके परिजन पिछले कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान प्रवेश के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी कोतरारोड़ शील आदित्य को फरार आरोपी की संपत्तियों का विस्तृत विवरण तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी शीघ्र ही कानून के शिकंजे में होगा। मामले में लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी है।

 

आज की दबिश कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

 

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments