Monday, February 2, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बोईरदादर मेन रोड में मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी, 2 लाख कैश व कई महंगे मोबाइल सेट ले भागे चोर

 

रायगढ़। शहर के बोईरदादर मुख्य मार्ग पर बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी को अंजाम दिया है । इस चोरी ने चक्रधरनगर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्य सड़क पर स्थित साहा मोबाइल सेलकॉम नामक शोरूम को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने न केवल पुलिस की मुस्तैदी को ठेंगा दिखाया, बल्कि लाखों रुपये के कीमती मोबाइल और नगदी पर हाथ साफ कर बड़ी आसानी से रफूचक्कर हो गए। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने दुकान के भीतर रखे आईफोन और सैमसंग जैसे ब्रांडेड फोन्स के साथ-साथ गल्ले में रखी लगभग दो लाख रुपये की नगद राशि को भी नहीं छोड़ा।

इस पूरी वारदात का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब दुकान के बगल में स्थित सैलून संचालक ने शोरूम का शटर टूटा हुआ देखा।

बदहवास हालत में इसकी सूचना दुकान संचालक सुरेश साहा को दी गई, जिनके मौके पर पहुँचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान के भीतर का बिखरा हुआ सामान और खाली पड़े मोबाइल बॉक्स इस बात की गवाही दे रहे थे कि चोरों ने पूरी तसल्ली के साथ इस लूट को अंजाम दिया है। यह वारदात इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि बोईरदादर मुख्य मार्ग शहर के उन इलाकों में से है जहाँ रात भर आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को भनक तक न लगना सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची चक्रधरनगर पुलिस की टीम अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने की पारंपरिक प्रक्रिया में जुटी हुई है। हालांकि, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का साफ कहना है कि अगर मुख्य मार्ग की दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो अंदरूनी मोहल्लों का क्या हाल होगा। पुलिस की कार्रवाई फिलहाल कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के इर्द-गिर्द घूम रही है, लेकिन सवाल वही है कि क्या अपराधियों के मन से कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है? फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन इस बड़ी चोरी ने व्यापारियों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles