Thursday, February 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

महलोई स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण, दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए…मध्यान्ह भोजन में निर्धारित मेन्यू का नहीं हो रहा था पालन

 

 

रायगढ़, 12 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने गुरुवार को जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र घरघोड़ा विकासखंड के महलोई स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थ दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी जताई।

कलेक्टर ने दोनों विद्यालयों के उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। परीक्षण में पाया गया कि संबंधित शिक्षकों द्वारा लगातार सीएल (आकस्मिक अवकाश) एवं निर्वाचन कार्यों का हवाला देते हुए अनुपस्थिति दर्ज की गई है। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि अनुपस्थिति की तिथियों तथा निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण/ड्यूटी की वस्तुस्थिति की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के अवकाश एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर प्रधानपाठक श्री दुल्ली चंदन पटेल स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में उदासीनता एवं शिक्षकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा विभाग को प्रधानपाठक के विरुद्ध सीधे पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा नियमित अंतराल में स्कूलों का निरीक्षण नहीं करने पर उनके कार्यों के प्रति भी असंतोष व्यक्त की।

कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन की भी जांच की। बच्चों के लिए तैयार दाल, चावल एवं सब्जी की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन तैयार नहीं किया गया था तथा हरी सब्जी के स्थान पर टमाटर की चटनी परोसी गई थी। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित महालक्ष्मी स्व-सहायता समूह के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा मध्यान्ह भोजन संचालन का दायित्व किसी अन्य सक्षम समूह को सौंपने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी मध्यान्ह भोजन में निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और पोषण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जिम्मेदारों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ, घरघोड़ा एसडीएम और तमनार तहसीलदार उपस्थित थे।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles