जशपुरनगर, 18 मार्च 2026/ जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभाग द्वारा मौके पर जांच कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में तहसील फरसाबहार अंतर्गत ग्राम पमशाला में अवैध रूप से ईंट निर्माण एवं उसके कारोबार की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ईंटें जब्त की हैं।
सहायक खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान प्रीतमलाल प्रजापति ग्राम बिहरा, थाना रामपुरबाघेलान, जिला सतना हाल मुकाम पमशाला, तहसील फरसाबहार के पास से 2 लाख 10 हजार नग ईंटें जब्त की गई हैं। उक्त प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित मामलों में नियमित जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


