Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गाडिय़ों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर 25 लाख की ठगी…शहर के व्यवसायी को जगदलपुर के दो युवकों ने ठगा, दोनों एजेंटों पर जुर्म दर्ज

 

 

रायगढ़। जिले में जगदलपुर के दो युवकों ने गाडिय़ों की खरीदी-बिक्री का व्यापार करने वाले व्यवसायी से 25 लाख रुपए ठग लिए। दोनों युवकों ने व्यवसायी से गाडिय़ों के रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर उनसे ठगी की। यह मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बोईरदादर क्षेत्र के कृष्ण वाटिका निवासी राकेश कुमार नागवानी गाडिय़ों की खरीदी-बिक्री का बिजनेस करते हैं। उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में उन्होंने महिंद्रा फाइनेंस, चोलामंडलम फाइनेंस और मेग्मा फाइनेंस द्वारा जब्त की गई करीब 50 पुरानी गाडिय़ों को जगदलपुर में हुई नीलामी में खरीदी थी। इन गाडिय़ों में कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनें शामिल थी। इन पुराने मॉडल की गाडिय़ों का रजिस्ट्रेशन जगदलपुर आरटीओ कार्यालय में होना था। इसी सिलसिले में राकेश की मुलाकात अजय उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू से हुई, जो जगदलपुर के भगत सिंह स्कूल के पीछे लालबाग क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने खुद को आरटीओ एजेंट बताया और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। उनकी बातों पर भरोसा कर राकेश ने सभी वाहनों और जेसीबी मशीनों की डिटेल उन्हें सौंप दिया।

अक्टूबर 2021 में अज्जु और विपिन ने राकेश से सभी वाहनों के पंजीयन शुल्क के नाम पर कई बार अलग-अलग किश्तों में रकम की मांग की। दोनों ने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही सभी वाहनों का रजिस्ट्रेशन आरटीओ ऑफिस से करवा देंगे। इस पर राकेश ने अपनी पत्नी संध्या नागवानी, परिचित पंकज महथा की पत्नी निभा महथा और दोस्त समीर खान की बहन सरातुनिशा के फोन-पे खातों से किस्तों में कुल 25 लाख रुपए अज्जु और विपिन को ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, बाद में सामने आया कि आरोपियों ने 14 गाडिय़ों का रजिस्ट्रेशन राकेश के नाम न करवाकर अन्य व्यक्तियों के नाम पर करा दिया था।

तब लगने लगा मामला गड़बड़

बाद में जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराया गया था, उसे आरटीओ कार्यालय जगदलपुर द्वारा निरस्त कर दिया गया। जब राकेश ने इस बारे में अजय उर्फ अज्जु और विपिन से पूछताछ की, तो उन्होंने बहाना बनाते हुए कहा कि कुछ सुधार कराने के लिए ही रजिस्ट्रेशन रद्द करवाया गया है। इस जवाब से राकेश को शक हुआ। जब वह खुद आरटीओ कार्यालय जगदलपुर पहुंचे, तो उन्हें जानकारी मिली कि जिन वाहनों का पंजीयन किया गया था, उनका टैक्स जमा नहीं किया गया था, इसलिए रजिस्ट्रेशन निरस्त किया गया है।

चक्रधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज

धोखाधड़ी का अंदेशा होते ही राकेश ने कई बार दोनों आरोपियों से पैसे लौटाने की मांग की, लेकिन वे लगातार टालते रहे। अंतत: राकेश ने सोमवार को चक्रधर नगर थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

जांच जारी, आरोपियों पर केस दर्ज

डीएसपी सुशान्तो बनर्जी ने जानकारी दी कि चक्रधर नगर थाना में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में केस कायम कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles