Monday, March 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ट्रेलर में लोड 41 टन लोहे का एंगल को चोरी कर फरार हुए हेल्पर को पुलिस ने नाकेबंदी में पकड़ा

 

रायगढ़ 9 मार्च, 2026 । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया है। कोतरारोड़ पुलिस ने *चोरी गए ट्रेलर और उसमें लोड लोहे का एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली* है।

 

जानकारी के अनुसार दिनांक 07.03.2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट पिता रामनारायण जाट उम्र 29 वर्ष निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला तहसील सरवार थाना सरवार जिला अजमेर (राजस्थान) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और करीब 8-9 दिन से उसके साथ एक परिचित किशोर बालक (17 वर्ष) हेल्पर के रूप में काम कर रहा था। दिनांक 05.03.2026 को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ गया था, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) लोड कराया गया। दिनांक 07.03.2026 की शाम को ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर वाहन के अंदर बैठा था और ट्रेलर में चाबी लगी हुई थी।

 

ड्राइवर जब कागजात जांच कराने कार्यालय के अंदर गया और लगभग एक घंटे बाद वापस लौटा तो देखा कि जहां ट्रेलर खड़ा किया गया था, वहां वाहन मौजूद नहीं था। हेल्पर को फोन लगाने पर उसका मोबाइल बंद मिला। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने आशंका जताई कि ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 (कीमत लगभग 40 लाख रुपये) तथा उसमें लोड लोहे का एंगल (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) सहित कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर *थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 303(2) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

 

ट्रेलर चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले में तत्काल नाकेबंदी कराते हुए सीमावर्ती जिलों को भी चोरी हुए ट्रेलर का विवरण भेजकर पतासाजी के निर्देश दिए। जिले एवं आसपास के जिलों में सघन चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर सक्ती यातायात पुलिस की टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर पकड़ा और इसकी सूचना थाना कोतरारोड़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपित को अभिरक्षा में लिया गया तथा ट्रेलर को मय लोहे का एंगल जप्त करते हुए कुल 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की कार्रवाई की गई।

 

थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर द्वारा विधि के साथ संघर्षरत बालक से पूछताछ करने पर उसने ट्रेलर चोरी की घटना स्वीकार की। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कल किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। इस प्रकार रायगढ़ और सक्ती पुलिस की तत्परता से वाहन चोरी की बड़ी घटना का त्वरित खुलासा किया गया, जिसमें थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर तथा थाना कोतरारोड़ एवं जिला सक्ती के यातायात स्टाफ की अहम भूमिका रही ।

 

*गिरफ्तार आरोपित* –

विधि के साथ संघर्षरत बालक (अपचारी)।

 

*बरामद संपत्ति*–

 

ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 कीमती लगभग 40,00,000 रुपये तथा ट्रेलर में लोड 41 टन लोहे का एंगल कीमती लगभग 20,00,000 रुपये, कुल जुमला 60,00,000 रुपये।

 

 

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles