खरसिया। दर्रामुड़ा के रामभांठा मोहल्ले में इन दिनों भारी धूल-गुबार से लोग परेशान हैं। मोहल्ले के निवासियों का आरोप है कि पास स्थित *सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड* की लापरवाही के कारण लगातार डस्ट और राखड़ उड़ रही है, जिससे घरों और छतों पर मोटी परत जम रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा भेजे गए फोटो-वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पेड़ों की पत्तियों, घरों की छतों और आसपास के क्षेत्र में धूल की परत जमी हुई है। कई घरों की टिन और खपरैल छत पूरी तरह धूल से ढकी नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि तेज हवा चलने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
उनका कहना है कि यदि समय रहते डस्ट कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर कंपनी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं और प्रदूषण नियंत्रण के सख्त उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।



