रायगढ़ । जिले के तमनार में कुछ लोगों ने महिला पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़कर उससे बदसलूकी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को मुख्य छठे आरोपी चित्रसेन साव को पडीगांव तमनार से गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला। जुलुस के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उसे जूते- चप्पलों की माला के साथ चूड़ियां पहनाई और फटाके फोड़कर खुशी जाहिर की।

उल्लेखनीय है कि, बीते दिनों तमनार क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आया था। जिसने पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश को भी झकझोर कर रख दिया है। कोयला खदान के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान भीड़ ने अपनी ड्यूटी निभा रही एक महिला कांस्टेबल के साथ अमानवीय और निंदनीय व्यवहार किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दो आरोपियों को दबोचा है।
गिरफ्तारी के बाद महिला आरक्षकों ने घेरा, कड़ी कार्रवाई की मांग
वायरल वीडियो के अनुसार उग्र भीड़ ने महिला कांस्टेबल को दौड़ाकर खेत में गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ने लगे। महिला आरक्षक अपनी अस्मत बचाने के लिए एक हाथ से कपड़े संभालती रही और दूसरे हाथ से भीड़ को रोकने की कोशिश करती रही। वह लगातार रोते हुए कहती रही छोड़ दो भाई प्लीज मैं अब नहीं आऊंगी मुझे यहां भेजा गया है, लेकिन आंदोलन की आड़ में खड़े कुछ वहशी तत्वों पर उसकी मिन्नतों का कोई असर नहीं हुआ। गालियां दी जाती रही और सरेआम एक महिला पुलिसकर्मी का अपमान किया जाता रहा।



