10 अप्रैल, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस को भी बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने शिव शक्ति स्टील प्लांट में लाखों रुपये का गबन कर फरार चल रहे ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव मैनेजर मनीष कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी विपुल माली, निवासी चिडीपाल कॉलोनी बोईरदादर द्वारा 03 सितंबर 2025 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि शिव शक्ति प्लांट में ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत मनीष कुमार शर्मा को कंपनी के वाहनों की देखरेख एवं ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से वाहनों को चलवाकर किराया वसूलने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपी ने 01 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच वाहनों से प्राप्त किराया कंपनी में जमा न कर स्वयं के बैंक खाते एवं नगद के रूप में प्राप्त कर करीब ₹11,35,861 की राशि का गबन कर लिया।
इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा ट्रांसपोर्टरों को कंपनी के वाहनों को किसी अन्य का वाहन बताकर चलवाया गया और फर्जी बिल्टी तैयार कर धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 396/2025 धारा 316(4), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने लगातार स्थान बदल रहा था।
“ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा द्वारा आरोपी की पतासाजी के लिए पुनः तकनीकी जांच कर लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसमें आरोपी के मध्यप्रदेश के सिंगरौली में छिपे होने की जानकारी मिली। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सिंगरौली रवाना किया गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके पास से नगद राशि (800 रूपये) एवं एक सैमसंग गैलेक्सी A15 5G मोबाइल फोन जब्त किया गया। *आरोपी मनीष कुमार शर्मा, निवासी मखदुमपुर थाना कोंच जिला गया (बिहार)* को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन और एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, निरीक्षक विजय चेलक थाना प्रभ्रारी साइबर, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू एवं आरक्षक धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


