रायगढ़। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को देखते हुए सांसद राधेश्याम राठिया ने एयरपोर्ट निर्माण की आवश्यकता बताते हुए केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू से मुलाकात की। उन्होंने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर केंद्रीय मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा है। सांसद रतिया ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि छत्तीसगढ़ की रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण परियोजना को पुन प्रारंभ करना क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है । यह परियोजना 2011 में प्रस्तावित हुई थी परंतु विभिन्न कारणों से आगे नहीं बढ़ पाई । रायगढ़ के उद्योगों एवं निवेशकों के लिए हवाई कनेक्टिविटी एक बड़ी आवश्यकता है । इस एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्रीय विकास औद्योगिककरण एवं रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। पूर्व में एयरपोर्ट का स्थान कोडातराई गांव प्रस्तावित था जो निकटतम एयरपोर्ट से लगभग 90 किलोमीटर की दूरी पर है जो कि अनावश्यक था वर्तमान में चपले गांव इस परियोजना के लिए अधिक उपयुक्त है क्योंकि यह अन्य एयरपोर्ट से लगभग 125 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। चपले गांव में 200 एकड़ शासकीय भूमि उपलब्ध है और उसके आसपास लगभग 400 एकड़ खाली भूमि है जो एयरपोर्ट निर्माण के लिए पर्याप्त है। सांसद राठिया ने उड्डयन मंत्री से मांग की है कि इस परियोजना का पुनः सर्वेक्षण करते हुए चपले गांव को प्राथमिकता के साथ नए स्थान के रूप में विचार किया जाए और एयरपोर्ट निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने की बात उन्होंने कही है।



