आगाज़ न्यूज/रायगढ़, 24 नवंबर। जिले के घरघोड़ा ब्लॉक के ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्राम छर्राटांगर और ग्राम पाकादरहा के बीच कुरकुट नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार इस कार्य के लिए 1634.83 लाख रुपये (16 करोड़ 34 लाख 83 हजार रुपये) की स्वीकृति दी गई है। यह कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में मद क्रमांक 2098 के अंतर्गत शामिल किया गया था।
बताया गया कि बरसात के दिनों में कुरकुट नदी में जलस्तर बढ़ जाने से छर्राटांगर और पाकादरहा गांवों का संपर्क मार्ग से टूट जाता था। ग्रामीणों को आवागमन के साथ ही कृषि उपज और दैनिक आवश्यकताओं के परिवहन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुल के निर्माण से दोनों गांवों के लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्य की तकनीकी स्वीकृति (टी.एस.) सक्षम अधिकारी से प्राप्त करने के बाद ही निविदा की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही कम से कम 90 प्रतिशत भूमि बाधा रहित होने पर ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। भू-अर्जन के लिए भी स्वीकृत राशि की सीमा में ही व्यय करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग अब तकनीकी स्वीकृति और टेंडर की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
एक नजर में
> पुल: छर्राटांगर – पाकादरहा, कुरकुट नदी
> लागत: 16 करोड़ 34 लाख 83 हजार रुपये
> ब्लॉक: घरघोड़ा, जिला रायगढ़
> बजट मद: 2098, वर्ष 2025-26
> आदेश दिनांक: 23 नवंबर 2026


