21 नवंबर, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके विरुद्ध घटित अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना रायगढ़ की टीम ने शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार (24 वर्ष), निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती को शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने दिनांक 19 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में आवेदन देकर बताया कि वह करीब 10 वर्ष पहले अपने रिश्तेदार के यहां चंद्रपुर क्षेत्र गई थी, जहां से उसकी पहचान परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। मई 2025 में परमेश्वर ने फोन कर युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई। कुछ दिनों बाद आरोपी रायगढ़ में काम कर रहने लगा था। दिनांक 13 जुलाई 2025 को आरोपी युवती से मिलने उसके घर पहुंचा और उसे घूमने के बहाने केलो डेम ले गया। वहां शादी करने का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। युवती के अनुसार मई 2025 में उसके गर्भवती होने पर भी आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकरने लगा। दिनांक 2 नवंबर 2026 को युवती ने आरोपी को फोन कर अपने घर ले जाने के लिए कहा, जिस पर उसने आने से इंकार कर दिया। इसके बाद 5 नवंबर को युवती स्वयं आरोपी के गांव भैसानारा स्थित घर पहुंची, जहां आरोपी के परिजनों ने परमेश्वर सिदार की शादी हो जाने की बात कहते हुए युवती को घर से भगा दिया। बाद में आरोपी ने भी शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना की टीम पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल लेकर चंद्रपुर रवाना हुई। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर जाने वाला है। पुलिस टीम तत्काल किरोड़ीमलनगर पहुंची, जहां पुलिस की मौजूदगी की भनक लगने पर आरोपी फरार होने की फिराक में था। पुलिस टीम ने गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। *आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार पिता दामोदर सिदार, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती* को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी (पुलिस लाइन), राजेश उरांव, संदीप भगत एवं आरक्षक रविन्द्र गुप्ता (थाना साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

