रायगढ़:- रायगढ़ के लारा में खेल का महाकुंभ शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर जिला (महिला एवं पुरुष) वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य उद्घाटन वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने किया। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से ओपी चौधरी ने हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा था। ओपी ने खिलाड़ियों से कहा ऐसे मंच आपको राष्ट्रीय पहचान दिलाने के सशक्त माध्यम बनेगा। अपने उद्बोधन में ओपी चौधरी ने कहा कि खेल सिर्फ हार-जीत नहीं है, ये अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करें। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा आप खेल के क्षेत्र में ऊंचाइयां छूएं और राज्य का गौरव बढ़ाएं, यही कामना है। आज का ये मैदान ही कल आपको राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगा। चैंपियनशिप में महिला टीमों की भागीदारी ने सबका ध्यान खींचा। दूर-दराज से आई बेटियों ने दिखा दिया कि अब खेल सिर्फ लड़कों का मैदान नहीं है। महिला खिलाड़ियों से मिलते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, खेल में भी छत्तीसगढ़ की बेटियां नया इतिहास रचेंगी। खेल अधोसंरचना को बढ़ावा दिए जाने की जानकारी देते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। रायगढ़ में खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, ताकि गांव और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच मिल सके। उन्होंने आयोजकों और छत्तीसगढ़ स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से युवा नशे और गलत आदतों से दूर रहकर खेल की ओर आकर्षित होते हैं।

*लारा में कई दिनों तक चलेगा रोमांच*
21वीं राज्य चैंपियनशिप में प्रदेश भर की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। आने वाले दिनों में लारा में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। दर्शकों में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
