HomeRaigarh Newsजेएसडब्ल्यू कंपनी में कोयला खाली करने पहुंचा ट्रक चालक लापता, अपहरण की...

जेएसडब्ल्यू कंपनी में कोयला खाली करने पहुंचा ट्रक चालक लापता, अपहरण की आशंका से हडक़ंप

 

 

रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के नहरपाली स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी में कोयला खाली करने पहुंचे राजस्थान के एक ट्रक चालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। तबीयत बिगडऩे पर चालक को चपले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद वह अस्पताल से लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र के ग्राम उमर निवासी अमर सिंह का छोटा भाई धारा सिंह ट्रक चलाता है। वह ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित जेट रोडवेज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रक चलाता था। 27 सितंबर को कोयला लोड करने के बाद वह शाम करीब छह बजे ट्रक क्रमांक आरजे-08 जीए-8128 लेकर रायगढ़ जिले के नहरपाली स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी पहुंचा था।

परिजनों के मुताबिक, 28 सितंबर की शाम धारा सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए चपले अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि 29 और 30 सितंबर के दौरान वह बिना किसी को जानकारी दिए अस्पताल से कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। दूसरी ओर, उसका ट्रक जेएसडब्ल्यू कंपनी परिसर में ही खड़ा मिला।

धारा सिंह का मोबाइल फोन बंद आने के कारण परिजन उससे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अमर सिंह ने खरसिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके भाई को प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसका अपहरण किया होगा। मामले में खरसिया पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब ट्रक चालक के लापता होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल धारा सिंह के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है और अपहरण की आशंका की पुष्टि होना बाकी है।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments