HomeRaigarh Newsबड़पारा आरपीएफ बैरक के 160 मीटर बाउंड्री को निगम प्रशासन ने किया...

बड़पारा आरपीएफ बैरक के 160 मीटर बाउंड्री को निगम प्रशासन ने किया कब्जा मुक्त, रेलवे स्टेशन के लिए मिलेगा नया वैकल्पिक मार्ग, प्रमुख सड़कों पर यातायात दबाव होगा कम

 

 

रायगढ़। शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिकों को नए आवागमन विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बड़पारा आरपीएफ बैरक के करीब 160 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल को जेसीबी से कब्जा मुक्त कर सड़क निर्माण का रास्ता साफ किया गया। इसके साथ ही प्रस्तावित सड़क के समतलीकरण का प्रथम चरण भी शुरू हो गया है।

इस मार्ग पर करीब 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने के बाद नदी के उस पार स्थित इतवारी बाजार, सिंधी कॉलोनी, चक्रधर नगर, बोइरदादर, केलो विहार, टीवी टावर, पहाड़ मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए एक नया और सुगम सड़क का विकल्प मिलेगा।

*रेलवे स्टेशन तक सीधे पहुंचने का मिलेगा विकल्प*

वर्तमान में नदी पार क्षेत्र से रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को मुख्य रूप से अग्रसेन चौक, सुभाष चौक और बेटी बचाओ चौक होकर स्टेशन पहुंचना पड़ता है। एक अन्य मार्ग सुभाष चौक से निर्मल लॉज होकर जाता है। बड़पारा आरपीएफ बैरक मार्ग विकसित होने के बाद तुलसी होटल मार्ग से ओवरब्रिज के नीचे होते हुए बड़पारा आरपीएफ बैरक से सीधे रेलवे स्टेशन की ओर जाने का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

नए मार्ग से नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कम दूरी और समय वाला विकल्प मिल सकेगा। इससे समय और ईंधन की बचत के साथ सुभाष चौक-बेटी बचाओ चौक तथा निर्मल लॉज मार्ग पर यातायात दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

नाली निर्माण के बाद अब सड़क विकास की दिशा में कदम

क्षेत्र में पानी निकासी की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा पूर्व में नाली का निर्माण कराया जा चुका है। अब बाउंड्रीवाल हटाने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। आवागमन को पर्याप्त चौड़ाई उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन द्वारा आसपास के निजी भू-स्वामियों से भी चर्चा की जा रही है।

शहर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए निगम कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा नए सड़क विकल्प विकसित करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार कार्य किया जा रहा है। बड़पारा आरपीएफ बैरक मार्ग भी इसी प्रयास का हिस्सा है। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करते हुए नागरिकों को सुगम, सुविधाजनक और किफायती आवागमन उपलब्ध कराना है।

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments