HomeRaigarh Newsमिर्ची की बोरियों की आड़ में गांजा तस्करी, दो करोड़ का मादक पदार्थ...

मिर्ची की बोरियों की आड़ में गांजा तस्करी, दो करोड़ का मादक पदार्थ बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, ट्रक से 440 पैकेट जब्त, ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे

 

 

 

जशपुर। पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक ट्रक ओडिशा से मिर्च लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं और उनके नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने 14 बोरियों में रखे 440 पैकेट गांजे बरामद किए। तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। 2 आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है। एक दिन पहले ही सूरजपुर जिले में एक करोड़ का गांजा बरामद हुआ था। दरअसल, घाट पेंडारी में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा ट्रक पलट गया था। प्लास्टिक दाना की बोरियों से कुछ बोरियों को अलग रखने पर लोगों को शक हुआ। जांच करने पर 238 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए आंकी गई।

कार्रवाई 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे की है। एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही थी। ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक यूपी-71-टी-6592 को रोका। ट्रक में सवार 2 युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछने पर दोनों ने बताया कि इसमें मिर्च की बोरियां हैं, जिन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की बारीकी से जांच की गई। ऊपरी हिस्से में मिर्च से भरी बोरियां मिलीं। पुलिस टीम ने उन्हें एक-एक कर हटाया तो नीचे रखी अन्य बोरियां दिखाई दीं। जांच करने पर उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलकर देखने पर गांजा मिला।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments