HomeRaigarh Newsरायगढ़ रेलवे स्टेशन की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सौंपा...

रायगढ़ रेलवे स्टेशन की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन…वंदे भारत, प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन, 24 घंटे लिफ्ट संचालन और अंडरब्रिज विस्तार की उठाई मांग

 

 

रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) रायगढ़ द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे,बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक के रायगढ़ प्रवास के दौरान ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने रेलवे प्रशासन से रायगढ़ के यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निराकरण की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि रायगढ़ औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है और रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों का आवागमन होता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन की मौजूदा सुविधाओं में विस्तार आवश्यक है।

कांग्रेस ने स्टेशन में नवनिर्मित अतिरिक्त परिसर में पर्याप्त बिजली, प्रकाश एवं स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए मेडिकल स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है।

ज्ञापन में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि रात के समय स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और अकेले यात्रा करने वालों में असुरक्षा की स्थिति बनती है। इसके लिए 24 घंटे प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, RPF/पुलिस की नियमित गश्त तथा CCTV निगरानी को प्रभावी बनाने की मांग की गई।

*रायगढ़ से हावड़ा वंदे भारत की मांग*

रेल कनेक्टिविटी के मुद्दे पर कांग्रेस ने रायगढ़ से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के कारण रायगढ़ से हावड़ा और पश्चिम बंगाल की ओर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके लिए रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव भेजकर आवश्यक पहल करने की मांग की गई।

इसके अलावा रायगढ़ से प्रयागराज के लिए सीधी नियमित ट्रेन शुरू करने अथवा किसी उपयुक्त मौजूदा ट्रेन का रायगढ़ तक विस्तार करने की मांग भी रखी गई।

 

*24 घंटे लिफ्ट और अंडरब्रिज विस्तार की मांग*

 

कांग्रेस ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन की लिफ्ट को 24 घंटे संचालित रखने तथा तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि लिफ्ट बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी है।

इसके साथ ही स्टेशन से जुड़े अंडरब्रिज के विस्तार एवं चौड़ीकरण की मांग करते हुए कहा गया कि बढ़ते यातायात और पैदल यात्रियों के दबाव के कारण कई बार आवागमन प्रभावित होता है। भविष्य में शहर के विस्तार को देखते हुए इसकी क्षमता बढ़ाना जरूरी है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने रेलवे प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से जिला कांग्रेस कमेटी को अवगत कराने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि ये मांगें किसी राजनीतिक स्वार्थ से नहीं, बल्कि रायगढ़ के हजारों रेल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी जनहित की आवश्यकताएं हैं।

 

उपरोक्त मांगों का ज्ञापन सौंपने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रुप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला,नेताप्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया,पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कन्हैया पटेल,विकास शर्मा, विकास ठेठवार,संदीप अग्रवाल,अनुराग गुप्ता, आशीष शर्मा,रामचंद्र शर्मा सत्यनारायण शर्मा,शेषचरण तिवारी,रजत गोयल,गुलशन साहू,वैभव चौबे,अमृत काटजू सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments