Thursday, May 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रायगढ़ पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई से बढ़ा खौफ, फरार ऑनलाइन सट्टा का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर

 

 

14 मई, रायगढ़ । रायगढ़ जिले में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार से जुड़ आरोपियों पर लगातार हो रही सख्त कार्रवाई का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पुलिस की लगातार दबिश, गिरफ्तारी और तकनीकी जांच से बढ़े खौफ के बीच ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य *आरोपी पिंटू हलवाई पिता कन्हैया लाल हलवाई उम्र 43 साल निवासी चांदमारी रायगढ़* आज स्वयं पुलिस कार्यालय पहुंचा और गिरफ्तारी से बचने के बजाय रायगढ़ पुलिस के समक्ष सरेंडर करना उचित समझा।

 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पिंटू हलवाई ने एसएसपी के समक्ष अपराध से तौबा करते हुए मुख्यधारा से जुड़कर नया जीवन शुरू करने की इच्छा जताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई और उसके नेटवर्क से जुड़े साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह भयवश रायगढ़ छोड़कर उत्तराखंड भाग गया था। गिरफ्तारी के डर से उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था, लेकिन रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार उसने स्वयं सामने आकर आत्मसमर्पण किया।

 

एसएसपी ने आरोपी को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा किसी भी प्रकार के सट्टा, जुआ या अवैध कारोबार में शामिल पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया।

 

थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 237/2026 एवं 238/2026, धारा 4, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। व्हाट्सऐप कॉलिंग के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और यूपीआई के माध्यम से रकम का लेन-देन किया जाता था। आरोपी से नकदी 2000 रूपये की जप्ती की गई है ।

 

विदित हो कि गत दिनों थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपी के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, सट्टा संचालन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, 2 लाख 69 हजार रुपये नकद तथा नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल बरामद की गई थी। इन सभी मामलों में पिंटू हलवाई मुख्य आरोपी के रूप में फरार था, जिसे आज कोतवाली के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

 

 

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles