HomeRaigarh Newsबड़पारा शराब भट्ठी के पास लूट का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा,...

बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूट का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा, 2 बदमाश गिरफ्तार — लूटी गई बाइक बरामद

 

रायगढ़, 21 सितंबर । बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूटपाट की घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 9616, कीमत करीब ₹60,000 बरामद की है। दोनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार ग्राम गोतमा, थाना पुसौर निवासी गजानन प्रधान (32 वर्ष) ने दिनांक 19 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सब्जी बिक्री का काम करता है। दिनांक 15 सितंबर 2026 को दोपहर में अपनी मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स क्रमांक CG 13 BF 9616 से सब्जी बिक्री की रकम जमा करने हटरी चौक रायगढ़ जा रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 2:30 बजे वह बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया। वहां दो व्यक्ति उसके पास आए और शराब पीने के लिए ₹100 मांगने लगे। प्रार्थी ने उन्हें ₹100 दे दिए, जिसके बाद आरोपियों ने उससे शराब की मांग की और गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसकी शर्ट की ऊपर वाली जेब में रखे ₹5,000 नगद निकाल लिए और मोटरसाइकिल की चाबी भी छीन ली। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने-पीटने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।

 

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात दो आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 523/2026, धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही प्रार्थी एवं गवाहों से आरोपियों के हुलिए और घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू पिता प्रताप शर्मा, उम्र 30 वर्ष एवं गणेश शर्मा पिता प्रताप शर्मा, उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा रायगढ़ के रूप में की।

 

कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थी से पहचान कार्रवाई कराई, जिसमें प्रार्थी द्वारा दोनों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटी गई ₹5,000 की नगद रकम खाने-पीने में खर्च होना बताया। आरोपी संजय शर्मा उर्फ सोनू द्वारा दिए गए मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 9616, कीमत ₹60,000 बरामद कर जब्त की।

 

प्रकरण में पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों संजय शर्मा उर्फ सोनू एवं गणेश शर्मा को आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

 

उल्लेखनीय है कि कोतवाली पुलिस द्वारा एक दिन पूर्व भी लूटपाट के एक अन्य मामले में एक युवक एवं दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। गंभीर आपराधिक घटनाओं में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी एवं लूट की संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है।

 

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक ऐनू कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकार तथा आरक्षक कमलेश यादव, शिव विभोर मिश्रा, बीरबल भगत एवं प्रदीप चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments