रायगढ़। शहर के रामलीला मैदान, रायगढ़ में 15 अप्रैल 2026 से आयोजित बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता चैम्पियन कप सीजन-1 का भव्य समापन उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बंगुरसिया एवं मिलर 11 के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले में मिलर 11 की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। ब्वाज स्टार क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष जय मस्ता व सदस्य पाली सरदार ने बताया कि फायनल मैच के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला क्रिकेट संघ के सचिव व वरिष्ठ खिलाड़ी रामचन्द्र शर्मा, विशिष्ट अतिथि शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता मंजूल दीक्षित, पूर्व सभापती निगम सलीम नियारिया, राकेश पाण्डेय, आरीफ हुसैन, बानू खूटे, विकास अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में रामचन्द्र ने रामलीला मैदान की महत्ता को बताया। खेल में ऐसे आयोजन होते रहने की जरूरत बताई। विशिष्ट अतिथि शाखा यादव ने खेल का जीवन में महत्व को बताते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। विशिष्ट अतिथि मंजूल दीक्षित ने खिलाड़ी भावना का सम्मान करने के लिए खिलाडिय़ों को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि सलीम नियारिया ने शानदार आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की। मैच का संचालन विनोद महेश ने किया तथा आभार प्रदर्शन जय मस्ता आयोजन समिति ने किया।
मिलर 11 ने फाइनल जीता
मैच का टॉस अतिथि रामचन्द्र शर्मा, राकेश पाण्डेय, आरीफ हुसैन ने करवाया। राष्ट्रगान के पश्चात हुए टॉस में मिलर 11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी । फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मिलर 11 की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 56 रन बनाए और बांगुरसिया टीम को 57 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगुरसिया की टीम ने शानदार संघर्ष किया और मैच आखिरी ओवर तक पहुंच गया। निर्णायक अंतिम ओवर में बांगुरसिया 11 को जीत के लिए 6 गेंदों में 9 रन की आवश्यकता थी। ऐसे दबाव भरे क्षण में मिलर 11 के गेंदबाज हैदर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को 2 रन से रोमांचक जीत दिलाई। हैदर ने पूरे मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 9 महत्वपूर्ण रन भी बनाए तथा अंतिम ओवर में 2 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन का संचालन बॉयज स्टार क्रिकेट क्लब द्वारा किया गया। आयोजन समिति में अध्यक्ष जय कुमार मस्ता, उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह बल, मैदान प्रभारी अब्दुल वसीम एवं विशाल महंत, अभिषेक गुप्ता, निक्की बाजपेयी, राहुल ठाकुर, गोलू मड्डा, सचिन मिश्रा, मिथुन, अर्शिल जावेद, गणेश, शाहरुख, गोलू एवं जयेश वाघेला, मनोज शर्मा, आशीष शर्मा की विशेष भूमिका रही। खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति एवं खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
अमन यादव का महत्वपूर्ण योगदान
मिलर 11 के खिलाड़ी अमन यादव का भी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने दूसरी पारी में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जिससे बंगुरसिया की टीम दबाव में आ गई। टूर्नामेंट के प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार का प्रायोजन सेल स्पॉट की ओर से किया गया, जिसकी खिलाडिय़ों एवं आयोजन समिति द्वारा सराहना की गई।
कमेंट्री एवं निर्णायकों की अहम भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में कमेंट्री टीम एवं निर्णायकों की भी अहम भूमिका रही। कमेंट्री में पूर्व पार्षद विनोद महेश एवं योगेश गुप्ता ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं निर्णायक के रूप में फैजल, वसीम, मोनू अली, डब्बू शर्मा एवं रोशन देवांगन ने निष्पक्ष भूमिका निभाई।
विजेता एवं उपविजेता पुरस्कार
प्रतियोगिता की विजेता टीम मिलर 11 को 1 लाख रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम बांगुरसिया को 50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया गया- बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार टीम एजे बॉयज के खिलाड़ी कृति राज को प्रदान किया गया। बेस्ट गेंदबाज एवं प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब बांगुरसिया 11 के खिलाड़ी विशाल को मिला। बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार बांगुरसिया टीम के खिलाड़ी छोटू को दिया गया।
समापन समारोह में अतिथियों की उपस्थिति
समापन समारोह में मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सलीम नियारिया (पूर्व सभापति), शाखा यादव (जिला अध्यक्ष कांग्रेस), रामचंद्र शर्मा (सचिव, जिला क्रिकेट संघ), राकेश पांडेय (प्रदेश महासचिव, युवा कांग्रेस), मंजुल दीक्षित (समाजसेवी) एवं आरिफ हुसैन (पार्षद) उपस्थित रहे।
फटाखों व बम के धमाकों से भरा रोमांच
अध्यक्ष जय मस्ता ने बताया कि हजारों की खचाखच भीड़ के बीच हर विकेट एवं चौके-छक्के पर मैदान में फटाखे की धूम मची हुई थी। इतने ज्यादा फटाखों का उपयोग हुआ कि दर्शकों ने रोमांच का अनुभव किया। यही नहीं बल्कि मैच के बाद पुरस्कार वितरण कि दौरान भी बम फटाके एवं हवाई शॉट ने जबरदस्त समां बांध दिया। इससे आयोजन के स्तर को चार चांद लग गये।



