HomeRaigarh Newsपार्षद को लोहे के जैक रॉड से सिर पर वार कर घायल...

पार्षद को लोहे के जैक रॉड से सिर पर वार कर घायल करने वाला हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

 

रायगढ़, 16 सितंबर 2026 । जूटमिल पुलिस ने वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से हमला कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी कमल सारथी, उम्र 26 वर्ष को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी पतासाजी के लिए लगातार निगरानी रखते हुए घर लौटने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का जैक रॉड भी बरामद कर जप्त किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे वार्ड क्रमांक 36 राजीव गांधी नगर के पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होते देखकर वे जनप्रतिनिधि होने के नाते विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। वहां कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद विजय चौहान ने उसे लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया, जिस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा । आरोपी ने पार्षद को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हाथ में रखे लोहे के जैक रॉड से पार्षद विजय चौहान के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई।

 

घटना के बाद पार्षद के पिता ने थाना जूटमिल पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने आरोपी कमल सारथी के विरुद्ध *अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 109(1), 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस* के तहत अपराध दर्ज किया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आरोपी की तत्काल पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना जूटमिल की टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार लुकते-छिपते फरार था। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपी के घर जाकर उसके परिजनों को आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की हिदायत दी तथा मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

 

इसी दौरान आरोपी कमल सारथी के घर वापस आने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर जूटमिल पुलिस ने तत्काल उसके घर पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसके जीजा के साथ झगड़ा-विवाद चल रहा था, इसी दौरान पार्षद विजय चौहान ने बीच-बचाव करते हुए उसे झगड़ा करने से मना किया, जिस पर वह गुस्से में आ गया और जैक रॉड से पार्षद पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का जैक रॉड बरामद कर जप्त किया है। आरोपी को हत्या के प्रयास के अपराध में गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जा रहा है।

 

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री राहुल उईके के सुपरविजन में फरार आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

 

मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, आरक्षक तरूण महिलाने, सुशील यादव एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

*गिरफ्तार आरोपी*

 

*कमल सारथी पिता मनोज सारथी, उम्र 26 वर्ष, निवासी पुराना बस स्टैंड सारंगढ़, थाना जूटमिल, रायगढ़*

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments