Saturday, April 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कोतरा रोड दुग्ध डेयरी पर विकसित होगा आधुनिक ऑक्सीजोन, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से 7.86 करोड़ रुपए की स्वीकृति

 

 

रायगढ़,11 अप्रैल 2026। रायगढ़ नगर निगम शहर के वार्ड क्रमांक एक स्थित राजीव नगर, जो दूध डेयरी क्षेत्र के नाम से जाना जाता है, अब एक आधुनिक और आकर्षक ऑक्सीजोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत यहां हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी विविध सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ बेहतर जीवनशैली का अनुभव मिल सकेगा।

इस परियोजना के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष प्रयासों से राज्य शासन द्वारा लगभग 7 करोड़ 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज सुबह जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयार की गई कार्ययोजना एवं डिजाइन का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परियोजना के अंतर्गत सबसे पहले पुरानी संरचनाओं का जो कार्ययोजना के उपयोगी होगा उन्हें और बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही स्थल समतलीकरण किया जाएगा, जिसके बाद मजबूत सीमांकन दीवार एवं मुख्य द्वारों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही नालियों का निर्माण कर बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

परियोजना में विशेष रूप से हरित विकास (हॉर्टिकल्चर), लैंडस्केपिंग और आकर्षक पाथवे तैयार किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र एक सुंदर और शांत वातावरण प्रदान करेगा। नागरिकों के लिए ओपन जिम उपकरण, बैठने के लिए बेंच, गज़ेबो (विश्राम स्थल) और खेल मैदान में बैठने के लिए मंच का निर्माण किया जाएगा, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।

इसके अलावा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, आंतरिक एवं बाह्य जल आपूर्ति, ट्यूबवेल, तथा शौचालय एवं गार्ड रूम जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। स्वच्छता के दृष्टिकोण से सेप्टिक टैंक का निर्माण भी प्रस्तावित है। संपूर्ण परियोजना के सुचारू संचालन के लिए तीन वर्षों का रखरखाव प्रावधान भी शामिल किया गया है।

इसी के साथ निकटवर्ती क्षेत्र में एस.एल.आर.एम. सेंटर का निर्माण, मिल्क फैक्ट्री एवं सामुदायिक भवन का मरम्मत एवं नवीनीकरण, फूड कोर्ट (10 दुकानों सहित), पार्किंग क्षेत्र का विकास तथा अतिरिक्त बाउंड्री वॉल एवं गेट निर्माण जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे यह पूरा क्षेत्र एक समग्र नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा। खेल जगत से जुड़े युवाओं का भी इसमें विशेष ख्याल रखा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के युवाओं एवं निवासियों ने क्रिकेट सहित अन्य खेल सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इन मांगों को प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर महापौर नगर निगम श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री मुकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह छत्रिय, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता श्री अभिषेक तिवारी तथा एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
VIVEK SHRIVASTAVAhttp://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़

Popular Articles