HomeRaigarh Newsएकता के संकल्प को हरियाली का स्वरूप दे रही रायगढ़ पुलिस, सरदार...

एकता के संकल्प को हरियाली का स्वरूप दे रही रायगढ़ पुलिस, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर शुरू हुआ ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’”

 

रायगढ़। राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्ध भारत के शिल्पकार ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश एवं प्रदेश में “एकता ही शक्ति है” थीम के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा भी वर्षभर विभिन्न जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का विस्तृत वार्षिक कैलेंडर तैयार किया गया है।

इसी श्रृंखला में आज जिला मुख्यालय स्थित पुलिस फायरिंग रेंज, उर्दना में *”एकता वृक्षारोपण अभियान”* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, नगर कोतवाल श्री सुखनंदन पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पीपल का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नीम, जामुन, सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पौधे के चारों ओर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया तथा मवेशियों से संरक्षण हेतु फायरिंग रेंज परिसर के चारों ओर मेड़ भी बनाई गई है।

 

रक्षित निरीक्षक ने बताया कि विगत वर्ष लगाए गए पौधे भी सुरक्षित एवं विकसित हो रहे हैं, जिससे इस अभियान की निरंतरता और संरक्षण के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है। इस वर्ष भी प्रारंभिक चरण में लगभग 100 पौधों का रोपण किया गया है तथा कई सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों ने भी अभियान से जुड़कर आगामी दिनों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करने की सहमति व्यक्त की है।

 

एकता वृक्षारोपण अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया।

 

उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एकता दौड़, एकता परेड, व्याख्यान श्रृंखला, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, रक्तदान शिविर, श्रमदान, जनजागरूकता अभियान सहित कई सामाजिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियां शामिल हैं। गत माह भी नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु रायगढ़ ऑडिटोरियम में दो दिवसीय जनजागरूकता प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया था। रायगढ़ पुलिस इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, नागरिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

Vivek Shrivastava
Vivek Shrivastavahttps://aagaznews.in
विवेक श्रीवास्तव संपादक आगाज़ न्यूज मोबाइल 9425572311, 8770922670 ईमेल cgraigarh5@gmail.com पता - गायत्री मंदिर के पास बोईरदादर रायगढ़
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments