रायगढ़। गर्मी के दौरान लोगों को गुणवत्ता युक्त पानी मिले, इसके लिए स्वास्थ्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई की है और कोसमनारा और कोतरलिया में संचालित लिए बोतल बंद पानी प्लांट से सैंपल जप्त कर संचालकों को नोटिस थमाया है।
गर्मी के मौसम से पानी पाउच व बोतल की मांग बढ़ने के कारण अमानक पानी पाउच व बोतल की बिकी की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की है। अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम कोतरलिया व कोसमनारा में संचालित होने वाले
बेवरेज में दबिश दी। गर्मी के दिनों में लोगों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सही और गुणवत्तायुक्त मिले, इसके तहत कार्रवाई की गई। कोसमनारा में परमिला हेमंत बेवरेजेस में निरीक्षण के दौरान प्लांट परिसर में गंदगी के साथ अनियमितताएं पाई गईं। जिस पर आवश्यक सुधार का आश्वासन संचालक ने दिया। इसके लिए विभाग द्वारा नोटिस भी जारी किया गया। इसी तरह नारायण बेवरेजेस ग्राम कोतरलिया रायगढ से पानी पाउच का नमूना जांच हेतु लिया गया और साथ ही अनियमिताओं के आधार पर 40 बोरी पानी पाउच की जप्ती भी की गयी। साथ ही लेबल अपूर्ण पाए जाने पर लेबल स्क्रूटनी किया गया व आवश्यक सुधार सख्त निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान विभाग की ओर से अभिहित अधिकारी श्रीमती सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल और लैब अटेंडेंट अमीत साहू शामिल थे।


